महापौर कार्यालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

नई दिल्ली, 24 जुलाई । दिल्ली के महापौर कार्यालय को शुक्रवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने महापौर कार्यालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

महापौर कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 10:23 बजे एक अज्ञात ई-मेल के जरिए दोपहर 1:11 बजे बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही महापौर कार्यालय ने तत्काल दिल्ली पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

सूचना के बाद दिल्ली पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने महापौर कार्यालय परिसर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, प्रवेश एवं निकास द्वारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की। पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई तथा सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

महापौर कार्यालय ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की धमकी मिली हो। इससे पहले भी तीन से चार बार कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकियां प्राप्त हो चुकी हैं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पूर्व में निगमायुक्त को पत्र लिखकर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था।

महापौर कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों और संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार इस प्रकार की धमकियां मिलना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।