शिमला में एनडीपीएस मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार,

शिमला, 24 जुलाई । शिमला पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था। इसके बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।

पुलिस ने उसे मंडी जिले के करसोग क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय किशन चौहान पुत्र चमन लाल निवासी करसोग, जिला मंडी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस समय उसके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोप पत्र जिला एवं सत्र न्यायालय शिमला में पेश कर दिया था।

पुलिस ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुआ। इसके बाद जिला एवं सत्र न्यायालय, शिमला ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। वारंट मिलने के बाद पुलिस थाना सदर की टीम ने उसकी तलाश शुरू की और 23 जुलाई को मंडी जिले की करसोग तहसील के खाडौनी गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को नियमानुसार जिला एवं सत्र न्यायालय, शिमला के समक्ष पेश किया जाएगा। जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायालय से जारी वारंटों का समय पर पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे ऐसे मामलों में कानून का प्रभावी ढंग से पालन हो सके।