ग्लासगो, 25 जुलाई । दक्षिण अफ्रीका के स्टार तैराक चैड ले क्लोस ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में इतिहास रच दिया है। पुरुषों की 4×100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के साथ ही वह राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं।
शुक्रवार को ग्लासगो में आयोजित इस स्पर्धा में पीटर कोएट्ज़े, गाय ब्रूक्स, रुआर्ड वान रेनेन और चैड ले क्लोस की दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 3 मिनट 13.99 सेकेंड का समय निकालते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही ले क्लोस के राष्ट्रमंडल खेलों में कुल पदकों की संख्या 19 हो गई, जिसमें सात स्वर्ण पदक भी शामिल हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि के साथ प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे सफल पुरुष खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
पदक जीतने के बाद भावुक ले क्लोस ने कहा, “मुझे कांस्य पदक के लिए नहीं, बल्कि स्वर्ण पदक के लिए रोना चाहिए था, लेकिन सच कहूं तो यह मेरे लिए पूरी दुनिया के बराबर है। पिछले कुछ वर्षों में कई बार मैं बेहद करीब पहुंचकर भी सफलता से चूक गया और कठिन दौर से गुजरा। ऐसे समय में यह पदक मेरे लिए अविश्वसनीय है। मैं अपने परिवार का आभारी हूं, जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया।”
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया छह स्वर्ण, दो रजत और पांच कांस्य सहित कुल 13 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खाते में अब एक स्वर्ण और दो कांस्य सहित कुल तीन पदक हो गए हैं।