कारगिल विजय दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 68 यूनिट रक्त एकत्रित

मंडी, 25 जुलाई । मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को हिमालयन ब्लड डोनर्स ग्रुप, हिमाचल डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन व खत्री सभा मंडी की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 68 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। वहीं स्टेम सेल ट्रांसप्लांट जनसेवा जागरूकता अभियान के शुभारंभ पर 52 स्टेम सेल डोनर ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। रक्त वह जीवन है जो किसी की सांसों को थाम सकता है। रक्तवीरों द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। कार्यक्रम के मुख्यातिथि डीसी अपूर्व देवगन ने कारगिल युद्ध में 25 जुलाई 1999 को शहीद हुए मंडी जिला के गोहर उपमंडल के दारण गांव के वीर सपूत सिपाही जीडीआर पूर्ण चंद चौहान की 26 वीं पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर व स्टेम सेल ट्रांसप्लांट जनसेवा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।

इस मौके पर मुख्यातिथि डीसी अपूर्व देवगन ने शहीद पूर्ण चंद के भाई पूर्व सैनिक डीके चौहान को सम्मानित किया। हिमाचल डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर व डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा को सम्मानित किया गया। डीसी अपूर्व देवगन ने शहीद पूर्ण चंद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अन्य कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले रंणबांकुरों को भी याद कर उन्हें नमन किया।

उन्होंने बताया कि कारगिल के अमर वीरों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का सबसे अनमोल तरीका रक्तदान शिविर का आयोजन कर हिमाचल डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन, हिमालयन ब्लड डोनर्स ग्रुप व खत्री सभा मंच ने सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं की भी सराहना करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए हमारे वीर सपूतों ने अपना रक्त बहाया है। वहीं अनजान मरीज की जान बचाने के लिए रक्तवीरों ने भी रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की है।