खूंटी, 25 जुलाई । पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के ‘वृक्ष गंगा अभियान’ के तहत शनिवार को गायत्री परिवार की खूंटी शाखा ने मेलाटांड़ में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शाखा के मुख्य ट्रस्टी बालमुकुंद कश्यप की खाली पड़ी भूमि पर लगभग 100 फलदार और इमारती पौधे लगाए गए।
गायत्री परिवार खूंटी शाखा के मुख्य ट्रस्टी बालमुकुंद कश्यप ने बताया कि संस्था प्रत्येक वर्ष वर्षा ऋतु में सैकड़ों पौधों का रोपण करती है। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहता, बल्कि उनकी घेराबंदी, नियमित देखभाल और संरक्षण भी सुनिश्चित करता है। इसी का परिणाम है कि पूर्व में लगाए गए अधिकांश पौधे आज बड़े वृक्ष बन चुके हैं और लोगों को छाया, फल तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करा रहे हैं।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार के कार्यकर्ता राजकुमार मिश्रा ने बताया कि अगले सप्ताह तजना नदी के किनारे स्थित मुक्तिधाम परिसर में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जिला संयोजक संजीव चौरसिया ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपायों में से एक है।