पूर्वी सिंहभूम, 26 जुलाई । जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आवास पर पिछले 25 वर्षों से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाली पारंपरिक रामार्चा पूजा इस वर्ष नई तिथि पर संपन्न होगी। इस बार यह धार्मिक अनुष्ठान देवउठान एकादशी के दिन 21 नवंबर 2026 (शनिवार) को आयोजित किया जाएगा।
विधायक सरयू राय ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले ढाई दशक से उनके यहां गुरु पूर्णिमा के दिन रामार्चा पूजा का आयोजन होता रहा है, लेकिन इस वर्ष विशेष कारणों से इसकी तिथि में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु, शुभचिंतक और आमंत्रित अतिथि इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए 21 नवंबर को आयोजित होने वाली पूजा में शामिल हों।
सरयू राय ने कहा कि रामार्चा पूजा उनके यहां वर्षों से आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न होती रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समर्थक और स्नेहीजन भाग लेते हैं। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के बजाय देवउठान एकादशी के दिन आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
उन्होंने बताया कि तिथि परिवर्तन की सूचना पहले ही सार्वजनिक कर दी गई है, ताकि पूजा में शामिल होने वाले लोगों के बीच किसी प्रकार का भ्रम न रहे और सभी समय रहते अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर सकें।