मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पिछड़ा समाज पूरी मजबूती से भाजपा के साथ है : प्रकाश पाल

कानपुर, 28 जुलाई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा समाज पूरी मजबूती से भाजपा के साथ खड़ा है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह बातें मंगलवार को भाजपा उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट के उपरांत कही।

मंगलवार को जारी बयान में बताया गया कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश में मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों, सामाजिक अभियानों और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पिछड़ा समाज के सशक्तिकरण तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर भी विचार-विमर्श किया।

मुलाकात के दौरान प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री को प्रतीकात्मक रूप से एक क्रिकेट बैट भेंट किया और कहा कि वह विपक्ष के खिलाफ इसी तरह मजबूती से बल्लेबाजी करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पिछड़ा समाज और भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरी निष्ठा के साथ खड़ा है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछड़ा मोर्चा जिले, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। उनके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़े समाज को विकास, सम्मान और अवसर मिले हैं, जिससे भाजपा के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।

प्रकाश पाल ने बताया कि आगामी समय में बूथ स्तर तक जनजागरण और सामाजिक संपर्क अभियान को और गति दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछड़ा मोर्चा के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और संगठन को निरंतर मजबूत करने का आह्वान किया।