बाबा आम्रेश्वर धाम सहित जिला के प्रमुख मंदिरों पर 29 को होगा समरसता दीप महोत्सव

खूंटी , 28 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) को खूंटी जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों और मंदिरों पर समरसता दीप महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मंगलवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी सुनीता सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में यह अभियान 19 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सामाजिक समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि खूंटी जिले के प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, कर्रा के सोनमेर मंदिर में पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और तोरपा के हनुमान मंदिर में पूर्व विधायक कोचे मुंडा की अगुवाई में दीप महोत्सव आयोजित होगा। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, धार्मिक प्रवचन, सामूहिक दीप प्रज्वलन और प्रसाद वितरण किया जाएगा। इसमें सांसद, विधायक और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता-कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।

सुनीता सिंह ने कहा कि संत रविदास ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया और समानता, आत्मसम्मान और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, रूपेश जायसवाल, कंचन सिंह सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।