रामगढ़, 30 जुलाई । समाहरणालय के सभागार में डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीसी ने विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीसी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, कल्याण, आपूर्ति सहित अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जन शिकायतों के निष्पादन, आधारभूत संरचना विकास, पेयजल आपूर्ति, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों की स्थिति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीसी ने कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।