डीएम ने कांवड़ पटरी मार्ग का किया निरीक्षण, शिवभक्तों से ली सुविधाओं की जानकारी

हरिद्वार, 31 जुलाई जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने शिवभक्तों से किसी भी असुविधा पर संबंधित अधिकारियों या हेल्पलाइन पर तुरंत सूचना देने की अपील की।

मौके पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग पर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश और चिकित्सा सहित सभी मूलभूत व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से तत्परता से काम करें।

डीएम ने यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और सफाई कर्मियों का सहयोग करने की अपील की। कहा कि स्वच्छ कांवड़ यात्रा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सभी विभाग 24 घंटे समन्वय कर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।