पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त । आगामी युवा ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को जमशेदपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसके सफल आयोजन के लिए रणनीति तय की गई। इस दौरान विभिन्न कार्यों के संचालन के लिए जंबो तैयारी समिति का गठन कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि युवा सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से युवाओं को संगठित कर झारखंड के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
पार्टी के प्रधान महासचिव एवं पूर्व विधायक रामचंद्र सहिस ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी युवा प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाना होगा। उन्होंने प्रखंड स्तर पर युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने और पूरे कोल्हान प्रमंडल में पांच हजार युवा नेतृत्व तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत युवा संगठन भविष्य के जनआंदोलनों की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास का संचार करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समर्पण और निष्ठा के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन से पहले पूरे शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आकर्षक सजावट के माध्यम से सम्मेलन का माहौल तैयार किया जाएगा तथा युवा कार्यकर्ता घर-घर और क्षेत्रवार जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को सम्मेलन से जोड़ेंगे। पार्टी का उद्देश्य सम्मेलन के माध्यम से संगठन का विस्तार करना और युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ जनआंदोलनों को नई दिशा देना है।
बैठक के अंत में पार्टी नेतृत्व ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, सागेन हांसदा, वन बिहारी महतो, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, डोमेन टुडू, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, चंद्रेश्वर पांडेय, लालन झा, विमल मौर्या, धीरज यादव, मनोज महतो, अवनीश सिंह, गौतम सामंता, विकास महतो, मंटू शुक्ला, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सौरभ राहुल सिंह, निरंजन महतो, आकाश सिन्हा, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, हैरी एंथोनी, देवाशीष चौधरी, शेखर सहिस सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
————-