ऊना, 02 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी के विशेष अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) से प्रारंभ हुई पवित्र कलश यात्रा रविवार सुबह संतोषगढ़ स्थित गुरु रविदास मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूरा वातावरण गुरु रविदास के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने अपने जीवन से ऊंच-नीच, छुआछूत और भेदभाव के विरुद्ध समाज को जागरूक किया तथा समरसता और समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि काशी से आई यह कलश यात्रा केवल पवित्र मिट्टी और जल का प्रवाह नहीं, बल्कि पूरे देश को एकता और समानता के सूत्र में जोड़ने का एक पवित्र प्रयास है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संत रविदास के सपनों का ऐसा भारत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और न्याय मिले। उन्होंने कहा कि इस कलश यात्रा के माध्यम से गुरु रविदास जी के विचारों और आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके बताए मार्ग पर चलकर समरस और सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।