कुमाऊं विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश के लिए द्वितीय काउंसलिंग सात को

नैनीताल, 03 अगस्त । कुमाऊँ विश्वविद्यालय की पीएचडी कार्यक्रम हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षा (केयूपीपीएटी-2026) में सफल अभ्यर्थियों के लिए प्रथम काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु द्वितीय काउंसलिंग आगामी सात अगस्त को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने द्वितीय काउंसलिंग के लिए पात्र अभ्यर्थियों की वरीयता सूची समर्थ पोर्टल एवं विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी कर दी है, जो इस काउंसलिंग में भाग ले सकेंगे।

शोध एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक द्वारा जारी सूचना के अनुसार जैव-प्रौद्योगिकी विषय की काउंसलिंग सर जेसी बोस परिसर भीमताल में तथा शेष सभी विषयों की काउंसलिंग डीएसबी परिसर नैनीताल में होगी। अभ्यर्थियों को सात अगस्त को प्रातः 11 बजे तक अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। काउंसलिंग अपराह्न तीन बजे तक चलेगी तथा इसके लिए 1600 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसे काउंसलिंग से पूर्व शुल्क काउंटर पर जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को काउंसलिंग के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में साक्षात्कार हेतु कॉल लेटर अथवा अन्य वैध पहचान पत्र के साथ समस्त शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियां एवं स्वप्रमाणित छायाप्रतियां प्रस्तुत करनी होंगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उत्तराखंड शासन द्वारा जारी वैध प्रमाणपत्र, छूट प्राप्त अभ्यर्थियों को जेआरएफ, गेट, जीपैट, एमफिल, इंस्पायर आदि से संबंधित मूल प्रमाणपत्र तथा शिक्षक अभ्यर्थियों को संबंधित परिसर अथवा महाविद्यालय से अनापत्ति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।

विश्वविद्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि काउंसलिंग के बाद शोध केंद्र आवंटित होने वाले अभ्यर्थियों को आवंटन पत्र में उल्लिखित तिथि तक संबंधित शोध केंद्र में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा। मूल प्रमाणपत्रों की जांच में किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर अभ्यर्थी का परिणाम स्वतः निरस्त माना जाएगा।

बीएड के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा की आवेदन की अंतिम तिथि छह अगस्त तक बढ़ी

कुमाऊँ विश्वविद्यालय ने बीएड द्वितीय सेमेस्टर की (मुख्य एवं बैक) की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा के लिये आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि छह अगस्त 2026 तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय ने संबद्ध परिसरों, महाविद्यालयों और संस्थानों के विद्यार्थियों के हित में यह निर्णय लिया है।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बीएड द्वितीय सेमेस्टर की (मुख्य एवं बैक) की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा के लिये के लिए समर्थ एवं ईआरपी पोर्टल 30 जुलाई 2026 तक खोला गया था। महाविद्यालयों एवं संस्थानों से प्राप्त प्रार्थना-पत्रों तथा छात्रहित को ध्यान में रखते हुए अब परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए समर्थ एवं ईआरपी पोर्टल छह अगस्त 2026 तक पुनः खोल दिया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कर परीक्षा में सम्मिलित होने की प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।