कोरबा, 5 अगस्त । हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के लिए जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा चलाया जा रहा व्यापक वृक्षारोपण अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत बुधवार को शुभदा कॉम्प्लेक्स से रवि स्वीट्स तक पौधारोपण किया गया, जिसमें नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया। अभियान का उद्देश्य शहर को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाना है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में जिला प्रशासन, नगर पालिक निगम तथा वन विभाग के संयुक्त सहयोग से शहर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत 18 जुलाई को आयोजित “रन फॉर ग्रीन” मैराथन के साथ की गई थी। यह विशेष अभियान लगातार 60 दिनों तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कर हरित क्षेत्र बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
बुधवार को आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में उपायुक्त नीरज कौशिक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर, भगवान दास पटेल, नंदकिशोर अग्रवाल सहित शुभदा कॉम्प्लेक्स के व्यापारी एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नगर प्रशासन ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की है, ताकि कोरबा को स्वच्छ, हरित और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध शहर बनाया जा सके।