पश्चिमी सिंहभूम, 05 अगस्त । जिले के सोनुवा प्रखंड के दिग्गीलोटा गांव की अंजली हेम्ब्रम की जिंदगी में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो नया मोड़ लेकर आया। लस्सी बेचकर परिवार की आजीविका चलाने वाली अंजली की मेहनत जब लोगों तक पहुंची तो उन्हें न केवल व्यापक पहचान मिली, बल्कि जिला प्रशासन का सहयोग भी मिला। इसी सहयोग के परिणामस्वरूप अब अंजली ने अपना फास्ट फूड कार्ट शुरू कर स्वरोजगार की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। बुधवार को मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने फीता काटकर फूड कार्ट का उद्घाटन किया।
एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने लस्सी की छोटी दुकान चलाने वाली अंजली उस समय चर्चा में आई थीं, जब विधायक जगत माझी सोनुवा से लौटते समय उनकी दुकान पर रुके और लस्सी पी। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। देखते ही देखते अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई और दूर-दूर से लोग उनकी लस्सी का स्वाद लेने पहुंचने लगे। उनकी मेहनत और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें अनुदान पर फूड कार्ट उपलब्ध कराया, जिससे वह अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें।
नए फूड कार्ट पर अब अंजली चाउमीन, मंचूरियन, आलूचोप, चाय, लस्सी सहित कई तरह के फास्ट फूड व्यंजन बेचेंगी। उद्घाटन के बाद विधायक जगत माझी ने उनके स्टॉल पर बने व्यंजनों का स्वाद लिया और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें डस्टबिन भेंट किया।
विधायक जगत माझी ने कहा कि अंजली हेम्ब्रम की सफलता इस बात का उदाहरण है कि यदि प्रतिभा और मेहनत को सही समय पर सहयोग मिल जाए तो ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का उद्देश्य ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाना है, जो अपने दम पर रोजगार सृजित करना चाहते हैं। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से स्वरोजगार अपनाने का आह्वान करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अंजली हेम्ब्रम ने इस उपलब्धि के लिए विधायक जगत माझी, जिला प्रशासन और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन पर विश्वास जताया।
उद्घाटन समारोह में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, हेमंत सोरेन, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे।