मंडी, 09 अगस्त । महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर के स्वर्ण जयंती वर्ष धार विरसा में शिक्षा विभाग एवं रेड रिबन क्लब के सौजन्य से शुक्रवार को नशा निवारण के अंतर्गत ब्रेक द एडिक्शन, बिल्ड द फ्यूचर विषय पर पोस्टर मेकिंग-सह-नारा लेखन का आयोजन किया गया। जिसमें प्रशिक्षु अध्यापकों ने नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित अपने विचार पोस्टर और नारों के माध्यम से प्रस्तुत किए। इस आयोजन की समन्वयक एवं महाविद्यालय रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी अंकिता चांगरा, सहायक आचार्या, शिक्षा विभाग ने बताया कि धार विरसा के अंतर्गत आयोजित इस एक्टिविटी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे को रोकने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर (डॉ.) सुमन कुमारी कटोच ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष में इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के प्रति भी उन्हें जागरूक करते हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूकता मिली है और वे समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने में सहायक बनेंगे।