गुरुग्राम, 09 अगस्त । अगस्त क्रांति दिवस (भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ) जिला कांग्रेस की ओर से रविवार को कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय में मनाया गया। स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर की अध्यक्षता में यह दिवस मनाया गया। इस दौरान भारत छोड़ो आंदोलन के स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके त्याग व बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी ने स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस हर साल नौ अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन 1942 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन की याद दिलाता है, जब देशवासियों ने ब्रिटिश शासन को उखाड़ फेंकने के लिए करो या मरो का नारा दिया था।
जिला शहरी अध्यक्ष ने कहा कि 1942 में दिया गया करो या मरो का नारा आज भी उतना ही प्रासंगिक है। आज देश को भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और नफरत की राजनीति के खिलाफ इसी जज्बे के साथ लडऩा होगा। देश में भाजपा की सरकार ने जनता पर टैक्स के नाम पर अनेक बोझ लाद दिए हैं। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांधी जी और नेहरू जी के आदर्शों पर चलती आई है। हमारा मकसद सामाजिक समरसता, समानता और संविधान की रक्षा करना है। गुडग़ांव की जनता के हक के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष कर रहे हैं। यह संघर्ष जल्द ही रंग लाएगा और भाजपा को सत्ता से मुक्त कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा, राजीव यादव, मुकेश डागर, सुशील सहरावत, भोले गुर्जर, महावीर कन्हई, राजपाल यादव, सतीश सांगवान, रविंद्र तिगरा, कार्तिक गहलोत, अमन कौशिक, मनोज आहुजा, सुनील चौहान, संजय भाटिया, शमीम खान, रमाकांत शर्मा समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।