किसानों और पशुपालकों की समस्याओं को लेकर कृषि मंत्री से मिले विधायक सुदीप गुड़िया

खूंटी, 11 अगस्त । तोरपा क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक सुदीप गुड़िया ने मंगलवार को विधानसभा परिसर स्थित कक्ष में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में कृषि और पशुपालन से जुड़ी समस्याओं, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं तथा पशुपालकों की परेशानियों से मंत्री को अवगत कराया।

विधायक ने किसानों और पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने, आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय स्तर पर आ रही समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का आग्रह किया। उनके साथ जिला परिषद सदस्य सोशांति कोनगाड़ी और दियांकेल पंचायत के मुखिया शिशिर तोपनो भी मौजूद थे।

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खूंटी के जिला पशुपालन पदाधिकारी से फोन पर संपर्क किया और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान और पशुपालकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार और संबंधित विभाग के स्तर पर हरसंभव पहल की जाएगी।

———-