अंतरराष्ट्रीय खिलाडी भूमित पारगी को चौरासी विधायक ने भेंट किया धनुष

डूंगरपुर, 14 अगस्त । जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें वैश्विक मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चौरासी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल कटारा ने अंतरराष्ट्रीय धनुष प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भूमित पारगी को विधायक कोष से 5.76 लाख रूपये की लागत का उच्च कोटि का धनुष भेंट किया है। यह प्रेरणादायी पहल शुक्रवार को गोविंद गुरु धूनी, ससलाई में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान संपन्न हुई।

जिले के अंबाड़ा निवासी युवा तीरंदाज भूमित पुत्र नानालाल पारगी का चयन आगामी अंतरराष्ट्रीय धनुष प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहाँ वे विश्व स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित भारत आदिवासी पार्टी के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने भूमित की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।