स्वतंत्रता दिवस पर कैंची धाम के लिए विशेष यातायात योजना

नैनीताल, 14 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस और सप्ताहांत पर रविवार के अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 15 और 16 अगस्त को प्रातः छह बजे से रात्रि आठ बजे तक विशेष यातायात और मार्ग परिवर्तन व्यवस्था लागू की है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए प्रमुख बैरियरों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

नैनीताल पुलिस के अनुसार इस सप्ताहांत पर अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर भेजा जायेगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहन निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से रोका जायेगा अथवा रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जायेगा। भीमताल मार्ग से कैंची धाम जाने वाले बाहरी वाहनों को विकास भवन पार्किंग तथा नैनीताल-गेठिया मार्ग से आने वाले वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जायेगा, जहां से श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित होगी। सप्ताहांत के दौरान टैक्सी और दोपहिया वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चार पहिया वाहन रामगढ़, खुटानी, क्वारब और नथुवाखान मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।

वहीं स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत पूरे जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए टांडा, एमवीआईआर, सुभाषनगर, गड़प्पू, हल्दुवा, मोहन, धानाचूली, क्वारब और खैरना सहित सभी प्रमुख बैरियरों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। यहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच होगी। होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और बाजारों में भी विशेष जांच अभियान चलाया जायेगा। संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दल की तैनाती रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली सूचनाओं पर भी निगरानी रखेगी तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करेगी। निरीक्षक यातायात और सीपीयू के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की व्यवस्था भी की गयी है।