ओडिशा से लाकर फतेहाबाद में नशा सप्लाई करने वाली मां-बेटी गिरफ्तार

फतेहाबाद, 16 अगस्त । एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए हिसार-सिरसा बाईपास से एक मां-बेटी के ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 23 किलो 945 ग्राम गांजा बरामद कर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला तस्करों की पहचान रानी पत्नी कपूर चंद और उसकी बेटी पूनम रानी के रूप में हुई है। दोनों वार्ड नंबर 15, ढाणी रतिया की रहने वाली हैं। रविवार को एएनसी सेल फतेहाबाद के प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम नशीले पदार्थों की रोकथाम के मद्देनजर नए बस अड्डे फतेहाबाद के पास मुस्तैद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रानी और उसकी बेटी पूनम रानी ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा मंगवाकर फतेहाबाद व रतिया क्षेत्र में सप्लाई करती हैं। सूचना के अनुसार, दोनों एनएच-नौ हिसार-सिरसा बाईपास पर ड्राइवरों के रेस्ट एरिया के पास रतिया जाने के लिए किसी वाहन के इंतजार में खड़ी थीं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनसी की टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की और दोनों महिलाओं को काबू कर लिया। जब नियमानुसार उनके पास मौजूद एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर कुल गांजा 23.945 किलोग्राम पाया गया, जिसे पुलिस ने तुरंत सील कर कब्जे में ले लिया। इस बड़ी बरामदगी के बाद थाना सदर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एएनसी प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि ओडिशा में उनके संपर्क किन बड़े नशा तस्करों से हैं और वे स्थानीय स्तर पर यह माल किसे डिलीवर करने वाली थीं।