तीसरी सोमवारी पर आम्रेश्वर धाम में 1001 श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक जलाभिषेक

खूंटी, 17 अगस्त । श्रावण माह की तीसरी सोमवारी के अवसर पर बाबा आम्रेश्वर धाम, अंगराबाड़ी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। रांची के बड़गाईं और बरियातू क्षेत्र से 1001 श्रद्धालुओं का जत्था आम्रेश्वर धाम पहुंचा और भगवान भोलेनाथ का सामूहिक जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ धाम पहुंचे। जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और स्वयंभू महादेव का जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।

तीसरी सोमवारी पर आम्रेश्वर धाम में पहले से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। ऐसे में 1001 श्रद्धालुओं के जत्थे के पहुंचने से माहौल और अधिक भक्तिमय हो गया। सामूहिक जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। कई श्रद्धालु कांवड़ लेकर भी धाम पहुंचे थे।

जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में बाबा आम्रेश्वर धाम में भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना से मन को शांति और आत्मिक संतुष्टि मिलती है।

श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी संतोष जताया। सामूहिक जलाभिषेक के बाद उन्होंने मंदिर परिसर स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया।

1001 श्रद्धालुओं के जत्थे के पहुंचने से आम्रेश्वर धाम पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर नजर आया और पूरे परिसर में दिनभर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजते रहे।

——–