जबलपुर, 20 अगस्त । मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार- गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। करोंदा नाला बायपास रोड स्थित फ्लाईओवर से अनियंत्रित होकर नीचे गिरने से प्रमोद दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसके सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद प्रमोद सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़ा रहा। राह से गुजर रहे लोगों ने उसे देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। दुर्घटना में वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके हिस्से सड़क पर बिखर गए।
पुलिस के मुताबिक, प्रमोद दास करोंदा नाला बायपास रोड स्थित शराब दुकान में काम करता था। वह रात करीब 1 बजे दोपहिया वाहन से मदनमहल स्थित अपने घर के लिए निकला था। फ्लाईओवर से आगे बढ़ते समय सर्विस रोड के पास उसका वाहन अनियंत्रित हो गया और वह बाइक समेत नीचे जा गिरा।
उधर, प्रमोद के घर नहीं पहुंचने पर उसके बड़े भाई प्रदीप कुमार ने फोन किया। फोन नहीं उठने पर उन्होंने कुछ देर बाद दोबारा कॉल किया। इसी दौरान किसी राहगीर ने फोन रिसीव कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस के सामने मृतक की पहचान प्रमोद दास के रूप में की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय देर रात बारिश हो रही थी। इसी दौरान बाइक सवार का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और वह फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।