दौसा, 28 अगस्त । दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को महज तीन घंटे के भीतर करीब 30 किलोमीटर के दायरे में तीन अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। लगातार हुए इन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। पहला हादसा स्लीपर बस और ट्रक की भिड़ंत का रहा, जिसमें बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई और 21 यात्री घायल हो गए। इसके बाद दो ममेरे भाइयों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, वहीं तीसरे हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
पहला हादसा शुक्रवार को कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास हुआ। माईमाई ट्रैवल्स की स्लीपर बस अहमदाबाद से दिल्ली जा रही थी। इसी दौरान बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे के हिस्से और केबिन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। सूचना मिलते ही कोलवा और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कई एंबुलेंस की मदद से घायलों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में बस चालक सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) निवासी सत्यनारायण नगर अमरेवाड़ी अहमदाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को क्रेन की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
एक्सप्रेसवे देखने खड़े दो ममेरे भाइयों को ट्रक ने कुचला
दूसरा हादसा करीब तीन घंटे बाद नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के चूड़ियावास गांव के पास हुआ। यहां चूड़ियावास निवासी साहिल मीणा (16) और जयपुर के बांसखोह क्षेत्र के उगास निवासी महेंद्र मीणा (22) एक्सप्रेसवे देखने के लिए रेलिंग के पास खड़े थे। इसी दौरान दौसा से लालसोट की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर परिजन दोनों को दौसा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
तीसरे हादसे में कार सवार चार लोग घायल
इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 161 के पास एक अन्य हादसा हो गया। यहां एक कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में जयपुर निवासी चार लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान हरमाड़ा निवासी लोकेश सिंह (25), कालवाड़ रोड निवासी पीयूष अग्रवाल (27), वैशाली नगर निवासी रुचिर व्यास (25) और श्याम नगर के लक्ष्मण नगर निवासी विनीत वर्मा (43) के रूप में हुई है। सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
तीन हादसों से मचा हड़कंप
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कुछ घंटों के अंतराल में हुए तीन हादसों से पुलिस और प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। करीब 30 किलोमीटर के दायरे में हुई इन दुर्घटनाओं में एक स्लीपर बस चालक और दो ममेरे भाइयों की जान चली गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। पुलिस तीनों मामलों में अलग-अलग जांच कर रही है और हादसों के कारणों के साथ फरार वाहन चालकों की तलाश में जुटी है।