तिल्दा-नेवरा, 2 सितंबर । अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 2 किलो 555 ग्राम गांजा, 86 पौवा अवैध शराब और बिक्री की नगदी सहित कुल 1 लाख 35 हजार 30 रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, थाना तिल्दा-नेवरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, एफसीआई गोदाम के पास नीले रंग की साड़ी पहने एक महिला थैले में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को हिरासत में लेकर उसके थैले की तलाशी ली। तलाशी में 2 किलो 555 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।
इस मामले में पुलिस ने राखी देवार (40), पति तूफान देवार, निवासी वार्ड क्रमांक 15, तिल्दा को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
86 पौवा अवैध शराब जब्त
इसी अभियान के तहत पुलिस ने वार्ड क्रमांक 15 स्थित दलाल तालाब क्षेत्र में भी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चुनिया देवार (20), पति युवराज देवार, निवासी देवारपारा, तिल्दा को पकड़ा। उसके कब्जे से 86 पौवा अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत 9,580 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 450 रुपये की नगदी भी जब्त की गई। इस मामले में कुल 10,030 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन निश्चय के तहत क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों और शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी रखते हुए उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई।