जन समाधान दिवस में छात्राओं ने बताई सड़क की समस्या, उपायुक्त ने तत्काल दुरुस्त कराने का दिया निर्देश

पलामू, 02 सितंबर । पलामू समाहरणालय सभागार में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में पाटन प्रखंड के किसैनी गांव से पहुंची कक्षा 10वीं की छात्राओं ने विद्यालय जाने वाली जर्जर सड़क की समस्या उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखी। छात्राओं की शिकायत पर उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क को आवागमन योग्य बनाने का निर्देश दिया।

छात्राओं ने बताया कि वे प्रतिदिन साइकिल से विद्यालय जाती हैं। लगातार बारिश के कारण विद्यालय जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और कई बार छात्राओं को चोट भी लग चुकी है।

उन्होंने बताया कि उनकी सुरक्षा को लेकर अब अभिभावक भी उन्हें विद्यालय भेजने से हिचक रहे हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने कहा कि वे कक्षा 10वीं में हैं और बोर्ड परीक्षा की तैयारी के महत्वपूर्ण समय में सड़क की समस्या के कारण पढ़ाई प्रभावित होने से उनके परीक्षा परिणाम पर भी असर पड़ सकता है।

छात्राओं की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि सड़क का स्थायी निर्माण लंबी प्रक्रिया है और इसे तुरंत पूरा कर पाना संभव नहीं है। हालांकि, फिलहाल सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा सकती है।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क पर डस्ट सहित अन्य आवश्यक सामग्री डालकर तत्काल उसे चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी पढ़ाई किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।

जन समाधान दिवस में इसके अलावा भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता रोकने, अयोग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा और कल्याण विभाग से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।

————–