फरीदाबाद, 02 सितंबर । एनआईटी में स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने बुधवार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर ओम स्वीट्स और हल्दीराम जैसे नामचीन रेस्टोरेंट सहित पांच पर छापेमारी की। टीम ने रेस्तरां में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के रखरखाव और खाना बनाने की व्यवस्था की जांच की।
जांच के दौरान टीम को कई प्रकार की कमियां मिलने पर ओम स्वीट्स पर 6 लाख और हल्दीराम पर 2 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम के ( नगर स्वास्थ्य अधिकारी) नीतीश परवाल ने बताया कि जांच के दौरान रेस्तरां में नियमों की अनदेखी सामने आई। टीम को कुछ जगह खाद्य सामग्री खुले में रखी मिली। इसके अलावा रेस्तरां में साफ-सफाई की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। खाना बनाने वाले कर्मचारियों ने ग्लव्स भी नहीं पहने हुए थे। नियमों का पालन नहीं करने पर टीम ने पांचों रेस्तरां संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। सभी पांच रेस्तरां के कुल 14 लाख 45 हजार रुपए के चालान किए गए। ओम स्वीट्स पर 6 लाख और हल्दीराम पर 2 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया है। अधिकारियों ने संचालकों को भविष्य में इस तरह की लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी। ओम स्वीट्स के अंदर खाना बनाने में एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। जांच में कुछ रेस्तरां में कूड़ा पड़ा मिला, जिससे दुर्गंध की समस्या थी। वहीं टीम ने इन सभी खामियों को गंभीरता से लिया। अधिकारियों ने रेस्तरां संचालकों को खाद्य सामग्री को ढककर और सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाना बनाते समय स्वच्छता का ध्यान रखने और रेस्तरां परिसर में नियमित सफाई कराने को कहा गया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने बताया कि शहर के रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की समय-समय पर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।