जनपद पंचायत ब्यौहारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में निराश्रित मवेशियों के कारण किसान परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा मवेशी खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी समस्या को लेकर कांजी हाउस निर्माण की मांग उठाते हुए भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य दुर्गेश तिवारी की अगुवाई में 31 अगस्त को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मवेशियों को लेकर लोग ब्यौहारी तहसील का घेराव करने के लिए निकल पड़े। मवेशियों की संख्या अधिक होने के कारण सड़क पर भीड़ की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकने का प्रयास किया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बड़ी संख्या में मवेशियों को लाए जाने से आम रास्ता और यातायात बाधित हुआ। पुलिस का यह भी कहना है कि इस दौरान कुछ मवेशी बेहोश भी हो गए थे।
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज
ब्यौहारी तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे ने देवलोंद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम, यातायात रोकने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मनीष शुक्ला