जबलपुरः पुलिस चेकिंग से बचने टोल बैरियर तोड़ा, पीछा करने पर कच्ची सड़क पर भिड़ी स्कार्पियो

जबलपुर, 11 सितंबर । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात पुलिस चेकिंग से बचकर भागने की कोशिश कर रहे स्कार्पियो चालक को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़कर भाग निकला।

पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन को कच्ची सड़क पर ले गया, जहां स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। तलाशी के दौरान वाहन से 359 बोतल ब्रांडेड अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 1 हजार 560 रुपये बताई गई है।

बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के अनुसार पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 जेडडब्ल्यू 5181 में धूमा की ओर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब भरकर जबलपुर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम निगरी कैनाल के पास चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए वाली स्कार्पियो आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और जबलपुर की ओर भागने लगा। उसने टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ दिया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी के बाद चालक ने वाहन को दून स्कूल के सामने भारत बेंज की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर मोड़ दिया। तेज रफ्तार के कारण स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। वाहन क्षतिग्रस्त होने के बाद चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस ने स्कार्पियो की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग ब्रांड की कुल 359 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। शराब के साथ एक मोबाइल फोन और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कार्पियो भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए चालक की पहचान आशुतोष शिवहरे, निवासी बेलखाड़ू के रूप में हुई है। उससे शराब के स्रोत और उसे जबलपुर में कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अब मोबाइल फोन, वाहन के दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शराब के सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।