सोमवती अमावस्या स्नान पर हरिद्वार में यातायात प्लान जारी, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

हरिद्वार, 07 नवंबर । सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने नौ नवंबर को हरिद्वार में होने वाले स्नान के लिए यातायात प्लान जारी कर दिया है। स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए शहर में रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को शहर की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, दिल्ली-मेरठ और पंजाब से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से बैरागी कैंप पार्किंग तक पहुंचाया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इन वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग बनाई गई है। यातायात का अत्यधिक दबाव होने पर वाहनों को नगला इमरती से लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और श्रीयंत्र पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों का दबाव अधिक होने पर उन्हें सहारनपुर, भगवानपुर, सालियर, बिझौली चौक, एनएच-344, सहारनपुर बाईपास, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड होते हुए देहरादून व ऋषिकेश की ओर भेजा जाएगा। दिल्ली-मेरठ से देहरादून और ऋषिकेश जाने वाली बसों को भीड़ बढ़ने पर देवबंद, कोलकी टोल और बिहारीगढ़-मोहंड मार्ग से निकाला जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडी चौकी और चंडी चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा। इनके लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग निर्धारित की गई है। बड़े वाहनों को भी श्यामपुर से 4.2 मार्ग की ओर डायवर्ट कर गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं, देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म, रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला पार्किंग निर्धारित की गई है।

स्नान पर्व पर यातायात का दबाव बढ़ने पर देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। यहां सवारी उतारकर उन्हें वापस लौटना होगा। ज्वालापुर और बीएचईएल की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम के लिए रानीपुर मोड़, देवपुरा, भगत सिंह चौक और टिबड़ी फाटक सहित वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

ललतारौ पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरागी कैंप पार्किंग से आने वाले ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा शंकराचार्य चौक होते हुए तुलसी चौक से यू-टर्न लेकर वापस जाएंगे। देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर तक ई-रिक्शा और ई-ऑटो की पूर्ण रूप से नो एंट्री रहेगी।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, सोमवती स्नान पर्व के मद्देनजर आठ नवंबर की रात 12 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चीला मार्ग का इस्तेमाल ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए केवल निकासी मार्ग के रूप में किया जाएगा। टोल प्लाजा पर वाहनों की निकासी का दबाव बढ़ने पर नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।

वहीं, सामान्य यातायात के दौरान गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर वाहनों को भेजा जाएगा, ताकि शहर में यातायात का प्रवेश नियंत्रित रखा जा सके।