कांगड़ा के धर्मकोट में रेव पार्टी का खुलासा, कई तरह की ड्रग्स बरामद

शिमला, 14 सितंबर । सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन ग्रुपों में रेव पार्टी का प्रचार चल रहा था। अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल में पार्टी का सिलसिला चल रहा था कि आधी रात पुलिस ने दबिश दे दी। रविवार की मध्य रात्रि गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में हॉस्टल की तलाशी ली गई तो चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार मौके से 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई के सिलसिले में 15 लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण भी करवाया गया।

हॉस्टल के लीजहोल्डर समेत दो आरोपी, एनडीपीएस एक्ट में केस

मैक्लोडगंज पुलिस ने मामले में दो लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें मध्य प्रदेश के रायसेन-भोपाल निवासी 35 वर्षीय आमिर खान शामिल है, जो वर्तमान में अपर धर्मकोट स्थित विश्राम गेस्ट हाउस-ईडीएम होटल में रह रहा था। दूसरे आरोपी की पहचान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ निवासी 37 वर्षीय राधेश रंजन पाजोरिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पाजोरिया ईडीएम हॉस्टल का लीजहोल्डर-मालिक है। दोनों के खिलाफ मैक्लोडगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऑनलाइन प्रचार से पार्टी तक पहुंची पुलिस की जांच

कांगड़ा पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईडीएम हॉस्टल परिसर में 13 और 14 सितंबर को रेव पार्टियों का आयोजन किया जा रहा था। इन पार्टियों का प्रचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बंद ऑनलाइन ग्रुपों के जरिए किया जा रहा था। पुलिस ने प्रचार से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। इन साक्ष्यों की जांच और उनका सत्यापन अभी जारी है।

आधी रात की दबिश से रुकी कथित रेव पार्टी

पुलिस के अनुसार समय रहते की गई कार्रवाई से कथित रेव पार्टी को रोक दिया गया। कांगड़ा पुलिस ने कहा है कि नशीले पदार्थों के कब्जे, सप्लाई, वितरण और सेवन के साथ ऐसी गतिविधियों को करवाने या बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।