घुटुआ जंगल से युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पलामू, 23 सितंबर । पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी गांव निवासी पंकज उरांव का शव बुधवार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के घुटुआ जंगल से बरामद हुआ। शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार, छब्बीस वर्षीय पंकज 19 सितंबर की शाम करीब पांच बजे बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसके बाद उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 22 सितंबर को पाटन थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दी गई।

बुधवार को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता के जंगल में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना चरवाहों ने पुलिस को दी। एएसआई हरेंद्र प्रसाद पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। बाद में घटनास्थल पहुंचे परिजनों ने चप्पल, हाथ पर बने टैटू और चांदी के ब्रेसलेट के आधार पर शव की पहचान पंकज उरांव के रूप में की।

परिजनों ने बताया कि शव कई दिनों से जंगल में पड़ा था। उन्होंने दावा किया कि शव का गला कटा हुआ था और चेहरे पर चोट के निशान थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

पिता बिरजू उरांव ने बताया कि पंकज का पिछले दो-तीन महीने से पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी चियांकी के महादेव माड़ा स्थित मायके में रह रही थी। करीब एक सप्ताह पहले पंकज उसे लेने गया था, लेकिन वह ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई।

परिजनों ने पुलिस से मामले की गहन जांच करने और ससुराल पक्ष से जुड़े पहलुओं को भी अनुसंधान में शामिल करने का आग्रह किया है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां स्पष्ट होंगी।

पुलिस के अनुसार, शव के गले में लाल दुपट्टा लिपटा मिला था। वहीं, 20 सितंबर को एक बाइक एकता गांव के पास पुलिया से बरामद हुई थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बाइक बरामद होने वाली जगह से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में शव कैसे पहुंचा। मामले में सभी संभावित कोणों से जांच की जा रही है।

————