सिरसा: सकारात्मक चीजों का चुनाव कर आगे बढ़ें छात्राएं: मीना परमार

सिरसा, 24 सितंबर । हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में महिलाएं व छात्राएं साकारात्मक चीजों का चुनाव कर जीवन में आगे बढें। सरकार महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में साकारात्मक व नकारात्मक दोनों पहलू हैं, लेकिन इनमें चुनाव किसका करना है, ये स्वयं पर निर्भर करता है। लड़कियों को चाहिए कि वे साकारात्मक चीजों को अपनाएं और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि एक लडक़ी के शिक्षित होने से एक नहीं दो परिवारों का उत्थान होता है और उस क्षेत्र का भी नाम रोशन होता है। इसलिए जिस विश्वास के साथ परिवार ने आपको यहां शिक्षा के लिए भेजा है, उस पर खरा उतरते हुए एक उदाहरण पेश करें। मीना परमार गुरुवार को सिरसा के सीडीएलयू में छात्राओं से संवाद कर रही थी। इस दौरान उन्होंने गल्र्स हॉस्टल का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, स्वाभिमान व सम्मान की दिशा में निरंतर महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। सरकार की कोई भी योजना हो, उसका केंद्र बिंदु हमेशा महिलाएं रहती है। पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को मजबूती देने का काम किया। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने निरंतर काम किया है। आज प्रदेश में 33 महिला थाने हैं, जहां कोई भी महिला अपनी शिकायत कर सकती है। इसके अलावा डायल 112 भी महिलाओं की सुरक्षा व उनकी शिकायत के निवारण में अहम भूमिका निभा रही हैं।

मीना परमार ने सीडीएलयू के गल्र्स होस्टल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने होस्टल में रह रही छात्राओं की उपस्थिति, उनकी सुरक्षा, पेयजल, खाने-पीने आदि व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को होस्टल में दी जा रही सुविधाओं व स्टाफ बारे भी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने सीएमके कॉलेज व नेशनल गल्र्ज कॉलेज का भी निरीक्षण किया व छात्राओं से संवाद किया।