मानगो फ्लाइओवर का निरीक्षण कर सरयू राय ने रैंप निर्माण पर उठाया सवाल

पूर्वी सिंहभूम, 28 सितंबर । मानगो फ्लाइओवर निर्माण को लेकर विधायक सरयू राय ने सोमवार को फ्लाइओवर के पायल सिनेमा के पास वाले हिस्से का निरीक्षण किया। मौक पर सरयू राय ने कहा कि यहां वन विभाग की जमीन पर रैंप का निर्माण किया गया है, जबकि वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र और क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

उन्होंने कहा कि रैंप बनने के बाद सड़क का हिस्सा संकरा हो गया है, जिससे इस मार्ग पर प्रतिदिन यातायात प्रभावित हो रहा है और लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है। सरयू राय ने कहा कि फ्लाइओवर जैसी बड़ी परियोजना को समय पर पूरा करना जरूरी है, लेकिन इसके लिए विभागीय नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

विधायक ने बताया कि उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से इस मामले में जानकारी ली। वन विभाग की ओर से मांगे गए दस्तावेज अब तक उपलब्ध नहीं कराए जाने पर उन्होंने सवाल किया। कार्यपालक अभियंता ने आवश्यक जानकारी लेने की बात कही। इस पर सरयू राय ने कहा कि जब निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और अनुमति के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी तक स्पष्ट नहीं है, तो यह विभागीय समन्वय की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गाड़ी को घोड़े के आगे रख देने से विकास का काम सुचारू रूप से नहीं चल सकता।

इसके बाद सरयू राय ने बालीगुमा पानी टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि टंकी तैयार होने के बावजूद अब तक मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था से पर्याप्त रूप से नहीं जुड़ सकी है। पाइपलाइन बिछाने में कृषि विभाग की जमीन से संबंधित अनुमति का मामला भी सामने आया है। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, मानगो नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की।