बलरामपुर, 05 अक्टूबर । रामानुजगंज क्षेत्र के विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में आज सोमवार को लंच के समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में 11 स्कूली बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए। स्कूल के लेक्चरर वेणुधर सिधार सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
अस्पताल में डॉ. रुक्मणि और डॉ. शालिनी ने घायलों का इलाज किया। प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्रों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें कक्षा दसवीं की छात्रा समीदा खातून, नंदिनी कुशवाहा, आफरीन अहमान खातून और अफरीना खातून शामिल हैं। अन्य घायलों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में जारी है।
स्कूल के लेक्चरर वेणुधर सिधार ने बताया कि घटना करीब डेढ़ बजे हुई। उस समय स्कूल में लंच का समय था। अचानक मधुमक्खियों का झुंड बच्चों और शिक्षकों पर टूट पड़ा, जिससे 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए रामानुजगंज अस्पताल लाया गया।
इलाज कर रहीं डॉ. रुक्मणि ने बताया कि चार बच्चों की हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर रामानुजगंज एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, बीएमओ डॉ. महेश गुप्ता और रामचंद्रपुर बीईओ विजय कुशवाहा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।
