सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण में रामविलास पासवान के योगदान को हमेशा किया जाएगा याद : राजीव पासी

प्रयागराज, 09 अक्टूबर । लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान को उत्तर प्रदेश में भी बिहार की तरह सम्मान दिए जाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों की आवाज थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर वर्गों को अधिकार, सम्मान और अवसर दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

राजीव पासी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्गीय रामविलास पासवान के साथ काम करने के अनुभव साझा करते हुए उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान को याद किया है। बिहार में उन्हें जो सम्मान मिला है, वैसा ही सम्मान उत्तर प्रदेश में भी दिए जाने की घोषणा उनके प्रति आदर और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

राजीव पासी ने कहा कि रामविलास पासवान ने अपना जीवन समाज के कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। उनका संघर्ष और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राजीव पासी ने श्रद्धांजलि सभा में पीडीए से जुड़े नेताओं की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि रामविलास पासवान का योगदान किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं था। वे पूरे देश के गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले जननेता थे। ऐसे व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि देने के अवसर पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सम्मान व्यक्त करना चाहिए। सामाजिक न्याय केवल राजनीतिक नारों का विषय नहीं, बल्कि आचरण और प्रतिबद्धता का भी विषय है।

उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान के विचार, संघर्ष और गरीब-वंचित समाज के उत्थान का संकल्प आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उनके सम्मान और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।