आबकारी विभाग ने 180 लीटर विदेशी शराब के साथ एक आराेपित काे किया गिरफ्तार

जगदलपुर, 11 अक्टूबर । बस्तर जिले में आबकारी विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आज रविवार काे जगदलपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सोनारपाल के पास जांच के दौरान टाटा आरिया वाहन से मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित गोवा ब्रांड की विदेशी शराब की 20 पेटियां बरामद कीं। जब्त शराब की मात्रा 180 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपये आंकी गई है। लेकिन चालक फरार हो गया। मौके पर वाहन में मौजूद दूसरे व्यक्ति से पूछताछ में उसकी पहचान देवेंद्र कुमार जांगड़े (33 वर्ष), निवासी सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग के रूप में हुई। उसने वाहन में शराब होने की बात स्वीकार की। पूछताछ में उसने बताया गया कि वाहन में जोगेंद्र कश्यप उर्फ जोगी शराब रखकर परिवहन कर रहा था।

वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की सीट पर पांच कार्टून और डिक्की में 15 कार्टून मिले। इनमें कुल 20 कार्टूनों में 1000 नग कांच की पाव शीशियां रखी थीं। प्रत्येक शीशी में 180 एमएल विदेशी मदिरा भरी थी। शराब पर ‘गोवा स्पिरिट्स ऑफ स्मूथनेस ब्रांड’ का लेबल लगा था। विभाग के अनुसार, शराब मध्यप्रदेश में निर्मित थी और बिक्री के लिए नॉन ड्यूटी पेड थी। आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 और 59-क के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह राठौर, मुख्य आरक्षक शैलेष पाण्डेय, श्याम सुन्दर केशरी, आरक्षक कविश यादव, वाहन चालक देवेन्द्र पटेल, राज बघेल एवं अश्वनी नाईक शामिल रहे। इस कार्रवाई में भानपुरी पुलिस का भी योगदान रहा।