नूंह, 11 अक्टूबर । केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने रविवार को गांव कुरथला में शहीद समय सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने गांव के विद्यालय का नाम शहीद समय सिंह के नाम पर रखने, शहीद विक्रम सिंह के नाम पर भी विद्यालय का नामकरण करने तथा शहीद छतरपाल सिंह के नाम पर गांव में प्रवेश द्वार बनवाने की घोषणा की। साथ ही गांव में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने का ऐलान किया।
समारोह से पहले केंद्रीय मंत्री ने शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। शहीद समय सिंह की स्मृति में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गांव कुरथला देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की मिसाल है। इस छोटे से गांव के सात वीर सपूत देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे चुके हैं। राष्ट्र इन वीर जवानों की शहादत को हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही देशवासी स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपने विचार व्यक्त कर पा रहे हैं। शहीद परिवारों का त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि शहीदों के नाम पर विद्यालयों और प्रवेश द्वार का नामकरण करना उनके बलिदान को चिरस्थायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहीद समय सिंह और शहीद विक्रम सिंह के नाम पर विद्यालयों का नामकरण किया जाएगा, जबकि गांव में बनने वाले प्रवेश द्वार पर शहीद छतरपाल सिंह का नाम अंकित होगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने शहीद समय सिंह के पिता दलबीर सिंह, माता बिरेश देवी और उनकी बहनों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। शहीद किरण सिंह शेखावत के ससुर एवं पूर्व सरपंच श्रीचंद को भी सम्मानित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद वापस आने वाले अग्निवीरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों में भर्ती के दौरान अग्निवीरों को अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं नूंह जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने दिल्ली-बड़ोदरा एक्सप्रेस-वे पर गांव उजीना के पास दिल्ली की ओर आने-जाने के लिए कनेक्टिविटी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जिले के लोगों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
