कांकेर में अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर हुई संयुक्त कार्रवाई, 156 को नोटिस जारी

कांकेर, 14 अक्टूबर । जिले के नगर पालिका एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए आज बुधवार काे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया । कोतवाली थाना के सामने से शुरू हुई कार्रवाई पुल से लेकर ऊपर-नीचे रोड तक की गई। इस दौरान दुकानों के बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों, सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने वालों और यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को लॉक किया गया। वहीं दुकानदारों को अपना सामान दुकान के भीतर रखने और वाहन चालकों को सफेद पट्टी के अंदर ही पार्किंग करने की सलाह दी गई। त्योहार और बाजार के कारण शहर में लोगों की भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। नो पार्किंग में खड़ी माेटरसाइकिल और अन्य वाहनों के कारण भी आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, मस्जिद के पास सड़क किनारे बड़ी संख्या में सब्जी के पसरे लगने से भी यातायात बाधित हो रहा है। इसे देखते हुए नगर पालिका और यातायात पुलिस की टीम ने सब्जी विक्रेताओं को सड़क से दूर पसरा लगाने की समझाइश दी, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की ओर से पैदल पेट्रोलिंग भी की जा रही है।

कांकेर के यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि पिछले सप्ताह चलाए गए अभियान के दौरान 104 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। वहीं, आज की कार्रवाई में 52 लोगों को नोटिस दिया गया है। अब तक कुल 156 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नोटिस के माध्यम से सड़क पर खड़े वाहन और रखी गई सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं करने पर सामग्री और वाहनों की जब्ती सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर में अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गुरुवार को पुल से ज्ञानी चौक तक और शहर के अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने दुकानदारों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।