पलामू, 17 अक्टूबर । दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पलामू जिला प्रशासन अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। वहीं, हुसैनाबाद, हैदरनगर बाजार और हरिहरगंज के झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
उपायुक्त और एसपी ने पाटन चौक के समीप स्थित पंडाल के साथ बैदा कला, उंटारी रोड, हैदरनगर और छतरपुर के विभिन्न पूजा पंडालों का जायजा लिया। इस दौरान पंडाल निर्माण, विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, प्रवेश और निकास द्वार, आवागमन मार्ग तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने पंडालों का निर्माण भवनों और सड़कों से सुरक्षित दूरी पर कराने तथा हाईटेंशन तार, ट्रांसफार्मर, रेलवे लाइन और अन्य विद्युत उपकरणों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही पंडालों और रास्तों में ज्वलनशील एवं सिंथेटिक कपड़ों के इस्तेमाल से बचने, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाने तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग कतारों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए पानी और बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने के साथ रास्तों पर स्पष्ट दिशा-सूचक चिह्न लगाने को भी कहा गया।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पूजा समितियों को अपने स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रित रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
हैदरनगर में पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समितियों से तैयारियों की जानकारी ली और लोगों से आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उपायुक्त ने कहा कि हैदरनगर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की परंपरा रही है। इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान अधिकारियों ने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। चौक बाजार दुर्गा पूजा समिति के संरक्षक सह मुखिया संतोष कुमार सिंह ने अधिकारियों को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया।
हुसैनाबाद में भी प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखने तथा पुलिस गश्ती तेज करने पर जोर दिया गया। वहीं, हरिहरगंज के झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का संदेश दिया गया।
निरीक्षण और सुरक्षा अभियान के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल, संबंधित अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।———
