शिमला, 20 अक्टूबर । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के होनहार पैरा एथलीट निषाद कुमार को जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा खेल 2026 में पुरुषों की लंबी कूद (टी-47) स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद कुमार ने 7.11 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है, जो हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि निषाद कुमार की यह सफलता उन सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो यह विश्वास रखते हैं कि दिव्यांगता सफलता की राह में कभी बाधा नहीं बन सकती। उनके दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और समर्पण ने साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों से हर चुनौती को पार कर सफलता के नए शिखर छुए जा सकते हैं तथा प्रदेश और देश का नाम रोशन किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने निषाद कुमार को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी खेल प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।
