काेटा, 20 अक्टूबर । कोटा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक महिला यात्री प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के ऑपरेटिंग, वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और रेलवे एम्बुलेंस से एमबीएस अस्पताल पहुंचाया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 20 अक्टूबर को गाड़ी संख्या 19020 हरिद्वार–बांद्रा एक्सप्रेस के एस-6 कोच में 53 वर्षीय कलावती बाई, निवासी बारां (राजस्थान), अपने पति श्रीराम सिंह नागर के साथ हरिद्वार से कोटा की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान नींद में होने के कारण महिला कोटा स्टेशन पर समय से नहीं उतर सकीं। रात करीब 03:10 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-2 से ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्होंने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वे प्लेटफॉर्म पर गिर गईं और उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी।
घटना की पहली सूचना उप स्टेशन अधीक्षक (परिचालन) मुकेश जैन को मिली। उन्होंने तत्काल उप स्टेशन अधीक्षक (वाणिज्य) विकास गुप्ता को सूचित किया और रेलवे एम्बुलेंस बुलवाई। सूचना मिलते ही विकास गुप्ता ने स्टेशन कर्मचारियों को स्ट्रेचर लेकर पहुंचने के निर्देश दिए और स्वयं तुरंत प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंचे। इसके बाद विकास गुप्ता ने रेलवे सुरक्षा बल एवं स्टेशन कर्मचारियों के सहयोग से घायल महिला को स्ट्रेचर द्वारा रेलवे एम्बुलेंस तक पहुंचाया, जहां से उन्हें तत्काल एमबीएस अस्पताल, कोटा भेजा गया।
रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई, आपसी समन्वय एवं समय पर उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता से घायल महिला को बिना विलंब अस्पताल पहुंचाना संभव हुआ।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने अथवा उतरने का प्रयास न करें। ट्रेन के पूरी तरह रुकने पर ही सुरक्षित रूप से चढ़ें या उतरें।
