प्रयागराज, 23 अक्टूबर । इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एवं वर्तमान विधान परिषद सदस्य डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, पेपर लीक, नौकरियों में आरक्षण और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं जैसे मुद्दों पर लोगों ने मतदान किया है। उन्होंने मतदाताओं के प्रति आभार जताते हुए अपनी जीत का भरोसा व्यक्त किया।
सपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से कथित तौर पर तमाम बाधाएं उत्पन्न किए जाने के बावजूद मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से निकले। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी, सपा समर्थक मतदाताओं को डराने-धमकाने और दूर के मतदान केंद्र आवंटित किए जाने सहित कई शिकायतें भी उठाईं।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने आरोप लगाया कि मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी मतदाताओं को मतपत्र पर खड़ी पाई के निशान के बगल में शून्य लगाने की सलाह दे रहे थे। सपा कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट से शिकायत की। पार्टी के अनुसार, इस मामले को लेकर प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई। सपा ने मामले में संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की।
मधुर ने बताया कि हरवारा मतदान केंद्र पर दो लोगों के दूसरे मतदाताओं के नाम पर वोट डालने पहुंचने की शिकायत सामने आई। सपा एजेंटों ने उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पार्टी ने नैनी स्थित रणजीत पंडित इंटर कॉलेज में मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रभावित किए जाने और सेंट एंथोनी तथा शिव इंटर कॉलेज, कटहरा में चुनावकर्मियों के मतदान को लेकर भी शिकायतें कीं। इन मामलों में डॉ. मानसिंह यादव ने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
सपा प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव ने शुक्रवार सुबह आठ बजे शहर के कंपोजिट विद्यालय, हरवारा स्थित मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने विकासखंड प्रतापपुर मुख्यालय स्थित बूथ संख्या 91-अ पर मतदान किया।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने कहा कि पार्टी ने मतदान प्रक्रिया के दौरान सामने आई शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और पेपर लीक जैसे मुद्दे मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण रहे। तमाम शिकायतों के बावजूद लोगों ने मतदान में भाग लिया। पार्टी को उम्मीद है कि मतदाता समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त करेंगे।
