नई दिल्ली, 04 नवंबर । रॉयल एनफील्ड ने हिमालय में आइस हॉकी के विकास के लिए अपने चौथे सत्र की घोषणा की है। इस पहल के तहत लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और गोलरक्षकों को प्रशिक्षण देकर जमीनी स्तर पर खेल की मजबूत व्यवस्था तैयार की जाएगी।
इस सत्र की शुरुआत 9 से 13 नवंबर तक लेह के नॉवांग दोरजे स्तोब्दान (एनडीएस) स्टेडियम में पहली बार आयोजित होने वाले विशेष गोलरक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम से होगी। अंतरराष्ट्रीय गोलरक्षक प्रशिक्षक मैट डार्लो लद्दाख और स्पीति के गोलरक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। निर्णायकों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी अंतरराष्ट्रीय आइस हॉकी महासंघ से प्रमाणित पीटर गेबी संभालेंगे, जिन्हें इस खेल में चार दशक से अधिक का अनुभव है।
इसके अलावा लेह, देहरादून और गुरुग्राम में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दिसंबर से फरवरी, 2027 तक जमीनी स्तर पर ‘लर्न टू प्ले’ कार्यक्रम चलाया जाएगा। सत्र के प्रमुख आकर्षणों में रॉयल एनफील्ड आइस हॉकी लीग (आरईआईएचएल) और हिमाचल प्रदेश के काजा में होने वाला स्पीति कप शामिल हैं। दोनों प्रतियोगिताएं अपने आयोजन के चौथे वर्ष में प्रवेश करेंगी। आरईआईएचएल का आयोजन लद्दाख प्रशासन और आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ लद्दाख के सहयोग से होगा, जबकि स्पीति कप आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ लाहौल-स्पीति के साथ आयोजित किया जाएगा।
आइशर ग्रुप फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक बिदिशा डे ने कहा कि हमारा लक्ष्य इस खेल से जुड़ी स्थानीय विशेषज्ञता को मजबूत करना है, ताकि यहां के खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों को विश्व-स्तरीय कौशल से लैस किया जा सके। इससे वैश्विक विंटर स्पोर्ट्स के मंच पर भारत के भविष्य की मजबूत नींव तैयार हो रही है।
रॉयल एनफील्ड आइस हॉकी लीग और स्पीति कप के 2026 संस्करण में पुरुष और महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। स्पीति कप में अंडर-18 लड़कों का वर्ग भी शामिल था। आरईआईएचएल में पुरुषों की 11 और महिलाओं की पांच टीमों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में हुमास वॉरियर्स और महिला वर्ग में शाम ईगल्स ने खिताब जीता। स्पीति कप में सेंट्रल जोन ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए, जबकि शाम जोन अंडर-18 वर्ग का विजेता बना था।
इस बीच, हिमालयी संस्कृति और समुदायों को सामने लाने के लिए ‘जर्नीइंग अक्रॉस द हिमालयाज’ का तीसरा संस्करण 3 से 9 दिसंबर तक नई दिल्ली के त्रावणकोर पैलेस में होना है। इसमें आइस हॉकी से जुड़ा विशेष अनुभव भी प्रस्तुत किया जाएगा।
