गुण विशिष्ट प्रजनन की तकनीक से दलहन उत्पादन में आएगी क्रांति : डा. संजीव गुप्ता

अयोध्या, 19 नवंबर । आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में खरीफ दहलन पर अखिल भारतीय समन्वित शोध परियोजना की दो दिवसीय वार्षिक समूह की बैठक -2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि चंद्रशेखर आजद कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि कानपुर के कुलपति डा. संजीव गुप्ता, कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, आईसीएआर नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक डा. एस.के. झा, कृषि अधिष्ठाता डा. एच. के. सिंह व अन्य अतिथियों ने आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं जल भरो के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट व सह अध्यक्षता आईसीएआर नई दिल्ली के उप महानिदेशक डा. डी.के यादव ने की।

बतौर मुख्यअतिथि सी.एस.ए. कानपुर के कुलपति डा. संजीव गुप्ता ने कहा कि विभिन्न मौसमों में मूंग एवं उड़द फसलों की पैदावार से दलहन उत्पादन में वृद्धि हुई है। भारत सरकार द्वारा देश में दलहन उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से ‘भारत दाल स्वाभिमान अभियान’ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि मूंग एवं उड़द जैसी दलहनी फसलों में पीला मोजेक विषाणु रोग की समस्या से निजात पाना है तो रोग प्रतिरोधक क्षमता वाली किस्मों को विकसित करना होगा। ऐसी किस्में विकसित करनी होंगी जो अधिक पैदावार देने के साथ-साथ सूखा, बाढ़, कीट और रोगों से लड़ने में भी सक्षम हों। ट्रेट स्पेसिफिक ब्रीडिंग (गुण विशिष्ट प्रजनन) से किसानों को कम लागत में अधिक उत्पादन मिलेगा। वहीं, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में भी यह तकनीक कारगर साबित होगा। उन्होंने मूंग के उत्पादन में 200 प्रतिशत तक वृद्धि के लिए एक्रिप के वैज्ञानिकों को बधाई दिया।

कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक कुलपति डा. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कि देश में दलहन आयात पर होने वाला व्यय 42,000 करोड़ रुपये से घटकर 31,000 करोड़ रुपये रह गया है। उन्होंने दलहन की औसत उत्पादकता को बढ़ाकर 1,200 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को ध्यान में रखते हुए दलहनी फसलों में पैराक्वाट जैसे रसायनों के उपयोग को बंद किया जाना चाहिए। कुलपति ने कहा कि हाल ही में इफको के साथ एक एम.ओ.यू पर हस्ताक्षर हुआ जिसके सहयोग से हमारे सभी 25 कृषि विज्ञान केंद्रों पर नैनो उर्वरकों का मूल्यांकन एवं परीक्षण किया जा रहा है।

कार्यक्रम की सह अध्यक्षता कर रहे आई.सी.ए.आर के उप महानिदेशक डा. डी. के. यादव ने कहा कि दलहनी फसलों की नई किस्मों के व्यावसायीकरण की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि किसानों तक उन्नत किस्मों का लाभ पहुँच सके। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नए कृषि क्षेत्रों एवं बदलती कृषि परिस्थितियों के अनुरूप दलहनी फसलों की उपयुक्त नई किस्मों को विकसित करने तथा उन्हें नए क्षेत्रों में प्रचलित करने की आवश्यकता है। आई.सी.ए.आर नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक डा. एस.के. झा ने कहा कि उड़द, मूंग, राजमा, लोबिया आदि खरीफ दलहनी फसलों में सतत कृषि को बढ़ावा देने की अपार संभावनाएँ हैं। देश में दलहन उत्पादन को लगभग 275 लाख टन तक पहुँचाने की दिशा में इन फसलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

एक्रिप के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डा. आदित्य प्रताप ने प्रजेंटेसन के माध्यम से पिछले एक वर्ष में खरीफ दलहनी फसलों पर किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों को विस्तार से बताया। कहा कि मूंग की फसल में एक दशक में 200 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इस मौके पर सभी अतिथियों द्वारा दलहनी फसलों पर आधारित वार्षिक रिपोर्ट, स्मारिका आदि पुस्तकों का विमोचन किया गया। स्वागत संबोधन निदेशक शोध डा. सौरभ दीक्षित व विभागाध्यक्ष डा. संजीत कुमार ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डा. सुप्रिया ने किया।