प्रोजेक्ट परख के तहत रेमेडियल जांच परीक्षा आयोजित

पश्चिमी सिंहभूम, 22 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के परिणाम बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों की विषयवार शैक्षणिक क्षमता का आकलन करने के लिए प्रोजेक्ट परख के तहत रविवार को जिले के विभिन्न निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर रेमेडियल जांच परीक्षा आयोजित की गई।

परीक्षा के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने जगन्नाथपुर स्थित रसेल उच्च विद्यालय और चाईबासा स्थित टाटा कॉलेज पहुंचकर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर विद्यार्थियों की उपस्थिति, परीक्षा संचालन और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। साथ ही विद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षकों से परीक्षा आयोजन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट परख के तहत आयोजित रेमेडियल जांच परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की विषयवार शैक्षणिक स्थिति का आकलन करना और पढ़ाई में उनकी कमजोरियों को चिह्नित करना है। परीक्षा परिणामों के आधार पर विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कि बोर्ड परीक्षा से पहले उनकी कमियों को दूर किया जा सके।

उपायुक्त ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का गंभीरता से मूल्यांकन करने का निर्देश दिया। उन्होंने मूल्यांकन के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने और अतिरिक्त अभ्यास कराने को कहा। उन्होंने कहा कि मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में जिले का बेहतर परिणाम सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।———–