केएमसी का वार्ड परिसीमन विवाद कोलकाता हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच में भेजने का सुप्रीम कोर्ट ने दिया सुझाव

नई दिल्ली, 25 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के वार्ड परिसीमन से जुड़े विवाद को कलकत्ता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच में वापस भेजने का प्रस्ताव दिया है। उच्चतम न्यायालय ने सुझाव दिया कि जब तक उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच इस मामले के कानूनी पहलुओं पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करती, तब तक नगर निगम चुनाव स्थगित रखे जाएं। हालांकि, न्यायालय ने कोई अंतरिम आदेश पारित नहीं किया, जिसके चलते चुनाव की घोषणा पर उच्च न्यायालय की लगाई गई रोक फिलहाल बरकरार रहेगी। मामले की अगली सुनवाई अब 30 नवंबर को होगी।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले की सुनवाई हुई। पीठ ने संकेत दिया कि मामले को कोलकाता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच में भेजने का निर्देश दिया जाएगा, जो इस पर उठाए गए कानूनी और तथ्यात्मक पहलुओं पर विचार कर नए सिरे से उचित निर्देश दे सकेगी।

इससे पहले सोमवार की सुनवाई में जस्टिस जयमाल्या बागची ने राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र पर गंभीर कानूनी सवाल उठाए थे। उन्होंने पूछा था कि जब कोलकाता नगर निगम भंग हो चुका है और निर्वाचित बोर्ड अस्तित्व में नहीं है, तो कानून की धारा 601 के तहत उसकी सिफारिश कैसे ली जा सकती है और राज्य सरकार परिसीमन का अधिकार कैसे इस्तेमाल कर सकती है।

राज्य सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल ने न्यायालय को बताया कि याचिका में वार्डों की संख्या बढ़ाने को चुनौती नहीं दी गई है, बल्कि मुख्य आपत्ति वार्डों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण को लेकर है। उन्होंने दावा किया कि परिसीमन की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही है। इसके लिए 10 अधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, 285 सुनवाई नोटिस जारी किए गए, दो चरणों में आपत्तियां सुनी गईं और एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई गई थी।

हाल ही में पश्चिम बंगाल सरकार ने कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 और हावड़ा नगर निगम में 50 से बढ़ाकर 68 करने का निर्णय लिया था। इस परिसीमन को अवैध बताते हुए माकपा नेता दीपू दास ने 11 सितंबर को कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी।

कलकत्ता उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच (न्यायमूर्ति सब्यसाची भट्टाचार्य और न्यायमूर्ति अर्जुन राय मुखर्जी) ने 6 नवंबर को आदेश दिया था कि एकल पीठ में याचिका का निपटारा होने तक चुनाव की घोषणा नहीं की जा सकती। इसी आदेश के खिलाफ राज्य सरकार ने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। हावड़ा नगर निगम के परिसीमन से जुड़ा मामला अभी भी उच्च न्यायालय में लंबित है।