अजमेर, 26 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर के ऐतिहासिक स्मारक अढाई दिन के झोपड़े के मूल स्वरूप को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार की ओर से गुरुवार को सिविल न्यायाधीश (पश्चिम) की अदालत में वाद दायर कर स्मारक का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने की मांग की गई है। याचिका में वाग्देवता मां सरस्वती को विधिक मित्र के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जबकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय को प्रतिवादी बनाया गया है। मामले में अगली सुनवाई 5 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
याचिका में 1862 से 1903 के बीच प्रकाशित ब्रिटिशकालीन एएसआई की रिपोटों, इतिहासकार हरबिलास शारदा की पुस्तक और पुराने शिलालेखों का हवाला दिया गया है। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि परिसर में खुदाई के दौरान संस्कृत शिलालेख, श्वेत शिवलिंग और कीर्तिमुख आकृति वाले स्तंभ मिलने का उल्लेख ऐतिहासिक दस्तावेजों में मिलता है।
याचिका में यह तर्क भी दिया गया है कि 19वीं शताब्दी से पहले के मुगलकालीन अथवा समकालीन इतिहास में अढाई दिन के झोपड़े नाम का उल्लेख नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि इस मामले में करीब 70 से 80 ऐतिहासिक पुस्तकों का अध्ययन किया गया है। इन दस्तावेजों के आधार पर भवन के मूल स्वरूप को लेकर दावा किया गया है। उनका कहना है कि भवन का मूल स्वरूप आज भी मौजूद है, जिसकी वास्तविक स्थिति सामने लाने के लिए वैज्ञानिक जांच आवश्यक है।
मंदिर और प्राचीन विद्यापीठ का स्वरूप बहाल करने की मांग महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवर्धन सिंह परमार ने दावा किया कि अढाई दिन का झोपड़ा प्राचीन संस्कृत महाविद्यालय और शिव मंदिर रहा है। उन्होंने परिसर में स्वस्तिक सहित कई हिंदू चिह्न मौजूद होने की बात कही। परमार ने कहा कि सरकार को इस ऐतिहासिक स्थल की वास्तविक स्थिति की जांच करानी चाहिए। याचिका में वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के साथ परिसर में नमाज पर रोक लगाने, हिंदू पक्ष को पूजा-अर्चना का अधिकार देने तथा प्राचीन विद्यापीठ और मंदिर का स्वरूप बहाल करने की मांग भी की गई है। अब इस मामले में 5 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर सबकी निगाहें रहेंगी।
