देहरादून, 26 नवंबर । उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य सरकार पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनके नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए प्रभावितों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक व्यक्ति से बातचीत की और उनकी समस्याएं एवं जरूरतें जानीं। उन्होंने अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर प्रभावितों को घोषित आर्थिक सहायता के साथ उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप अतिरिक्त मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
धामी ने कहा कि अग्निकांड में घरों के साथ ही ग्रामीणों का छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह के राशन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को दैनिक जरूरतों का भी ध्यान रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बच्चों की शिक्षा को लेकर भी निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जरूरत के अनुसार विद्यालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। सरकार का पूरा तंत्र प्रभावित बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और प्रत्येक पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। यह केवल आर्थिक सहायता का मामला नहीं, बल्कि परिवारों को दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनका भविष्य सुरक्षित बनाने का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तत्परता और संवेदनशीलता से पूरी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के प्रयासों के लिए उनका आभार जताया। मौके पर जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
