मुठभेड़ में गोली लगने से लुटेरा घायल

बदायूं, 23 फरवरी (हि.स.)। जिले में एक बार फिर मुठभेड़ में गोली लगने से घायल महिलाओं के कुंडल लूटने वाले बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से तमंचा, कारतूस और लूट के कुंडल बरामद किए हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पर भर्ती कराया गया।उपचार के बाद घायल बदमाश का मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायिक हिरासत में कोर्ट पेश कर जेल भेजा गया।

बिल्सी के मोहल्ला संख्या आठ का रहने वाला लूटेरा बदमाश शादाब पिछले काफी दिनों से महिलाओं से कुंडल लूटने की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। 20 फ़रवरी को शादाब ने बैरमई में बुजुर्ग की रहने वाली महिला नेकसो के कुंडल लूटने की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद 21 फरवरी को मोहल्ला संख्या 5 में भी महिला से कुंडल लूटे थे। लूट की घटनाओं के बाद से ही पुलिस लुटेरे शादाब की तलाश में थी। पुलिस ने बीती रात गुरुवार को सूचना पर बरनी बढ़कपुरा के पास से लुटेरे शादाब को घेर लिया। इस बीच उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लगने से बदमाश शादाब घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बिल्सी थानाध्यक्ष ब्रजेश सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पकड़ा गया लुटेरा शादाब द्वारा कई महिलाओं से कुंडल लूटने की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था। इस धरपकड़ में टीमें लगी हुई थी। बीती रात मुठभेड़ में उसे पकड़ते हुए कार्रवाई की गई है।